ऋषिकेश/देहरादून। उत्तराखंड में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने गड़ी श्यामपुर के पास एक हुंडई क्रेटा कार से शराब की 10 पेटियां बरामद की हैं। मामले में मेरठ निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। विभाग के अनुसार, बरामद शराब पर डिफेंस कर्मियों और चंडीगढ़ में बिक्री के लिए होने का उल्लेख था। बोतलों पर लगे होलोग्राम और लेबल प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
आबकारी निरीक्षक ऋषिकेश प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में ऋषिकेश आबकारी टीम और देहरादून जनपदीय प्रवर्तन दल ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की। टीम ने वाहन संख्या DL 4CAZ 9073 की जांच की तो उसमें से 100 बोतल रॉयल स्टैग व्हिस्की और 24 बडवाइजर बीयर बरामद हुई।

डिफेंस और चंडीगढ़ के लेबल मिले
विभाग के मुताबिक, व्हिस्की की बोतलों पर “For Sale Defence Personnel Only” और बीयर पर “For Sale in Chandigarh Only” अंकित था। प्रारंभिक जांच में लेबल और होलोग्राम नकली होने की आशंका जताई गई है। इनकी पुष्टि के लिए आगे की जांच की जा रही है।
मेरठ से शराब लाने की बात आई सामने
आबकारी विभाग के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान निशांत शर्मा, पुत्र राकेश शर्मा, निवासी मोदीपुरम, मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि शराब पर डिफेंस के लेबल इसलिए लगाए जाते हैं, ताकि वह कैंटीन की शराब जैसी लगे। विभाग के अनुसार, शराब को शादी-पार्टी के सीजन में खपाने की योजना थी।
आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 63/72 के तहत मामला दर्ज कर ऋषिकेश आबकारी क्षेत्र में अभियोग पंजीकृत किया गया है। उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के साथ देहरादून जनपदीय प्रवर्तन दल के आबकारी निरीक्षक जयवीर सिंह, उप आबकारी निरीक्षक आशीष प्रकाश उनियाल और अर्जुन सिंह सहित आबकारी हेड कांस्टेबल राकेश नाथ, हेमंत सिंह तथा कांस्टेबल अंकित कुमार और आशीष चौहान शामिल रहे।
नोट: लेबल और होलोग्राम के नकली होने की बात फिलहाल आबकारी विभाग की प्रारंभिक जांच पर आधारित है। इसकी अंतिम पुष्टि जांच के बाद ही होगी।










