धमोग मंदिर के पास अनियंत्रित होकर 15 मीटर गहरी खाई में गिरा वाहन, SDRF और कालसी पुलिस ने संयुक्त रूप से चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन।
देहरादून/कालसी, 26 नवंबर 2026। कोटी रोड पर धमोग मंदिर के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू से विकासनगर की ओर आ रही बोलेरो अनियंत्रित होकर लगभग 15 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। मृतकों में दो वर्षीय मासूम बच्ची भी शामिल है।
SDRF और पुलिस ने चलाया संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन
आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिलने पर SDRF की टीम अपर उपनिरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
वाहन संख्या HP01A8028 में कुल सात लोग सवार थे। SDRF और थाना कालसी पुलिस की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी सात लोगों को खाई से बाहर निकाला।
पांच घायलों को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कालसी पहुंचाया गया, जबकि दो लोगों की दुर्घटना में मृत्यु हो गई।
घायलों का विवरण
– चमन लाल (45 वर्ष), निवासी ग्यारी, थाना चड़गांव, जिला शिमला, हिमाचल प्रदेश (वाहन चालक)।
– डम्मल (32 वर्ष), निवासी ढकारी, जिला अछाम, नेपाल।
– नीशा (14 वर्ष), निवासी कंचनपुर, जिला अछाम, नेपाल।
– उर्मिला (30 वर्ष), निवासी ढकारी, जिला अछाम, नेपाल।
– प्रदीप (5 वर्ष), निवासी ढकारी, जिला अछाम, नेपाल।
मृतकों का विवरण
– नरबहादुर (लगभग 52 वर्ष), निवासी ढकारी, जिला अछाम, नेपाल।
– राधिका (2 वर्ष), निवासी ढकारी, जिला अछाम, नेपाल।
संयुक्त टीम ने की त्वरित कार्रवाई
SDRF और कालसी पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे सभी लोगों को खाई से बाहर निकाला और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
दुर्घटना के वास्तविक कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है।

NATION 9 TODAY | आम जनता की आवाज
www.nation9today.com









