पत्रकार सुरक्षा बिल लागू करने की मांग, रामनगर में राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद की बैठक

 

रामनगर में राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद की मासिक बैठक संपन्न, पत्रकारों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा को लेकर हुई चर्चा; पदाधिकारियों को वितरित किए गए परिचय पत्र

चित्रकूट/रामनगर। राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद (रजिस्टर्ड इकाई चित्रकूट) की मासिक बैठक रामनगर में संगठन मंत्री अंकुर चौधरी के नेतृत्व में सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अनिल देवरवा ने की। इस दौरान पत्रकारों के हितों की रक्षा, सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और पत्रकारों की आवाज बुलंद करने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।

बैठक में जिलाध्यक्ष अनिल देवरवा ने सभी पदाधिकारियों को परिचय पत्र वितरित कर संगठन के प्रति नई जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद एक बड़ा संगठन है, जिसका कार्य देश के छह राज्यों में संचालित हो रहा है और इसमें लगभग 36 हजार पत्रकार जुड़े हुए हैं। संगठन का प्रमुख उद्देश्य पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा, अधिकारों और हितों की रक्षा करना है।

अनिल देवरवा ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं। समाज की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और आम जनता की आवाज बुलंद करने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पत्रकार हित के लिए संगठन हर समय साथ खड़ा है। किसी भी पत्रकार के साथ अन्याय होने पर संगठन पूरी मजबूती के साथ उसके समर्थन में खड़ा रहेगा।

उन्होंने सरकार से पत्रकार सुरक्षा बिल लागू करने की मांग करते हुए कहा कि पत्रकारों को निशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं, सरकारी आवास और एक करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराया जाना चाहिए। इसके साथ ही पत्रकारों और उनके परिवारों की सुरक्षा की भी ठोस व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि पत्रकार बिना किसी भय और दबाव के अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।

बैठक में संगठन को मजबूत बनाने के लिए नियमित मासिक बैठकें आयोजित करने, आपसी समन्वय और भाईचारा बनाए रखने तथा पत्रकारों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने पर जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए सभी सदस्य पूरी निष्ठा और एकजुटता के साथ कार्य करेंगे।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष अनिल देवरवा, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश निषाद, संगठन मंत्री राजबहादुर सिंह, आदित्य त्रिपाठी, उपाध्यक्ष सुनील पांडेय, हिमांशु राजपूत, देवीदयाल राजपूत, संजय कुमार सिंह, राममिलन राजपूत, बुद्धनारायण विश्वकर्मा, धीरज मिश्रा, सचिन वंदन त्रिपाठी, राजेश द्विवेदी, शिव सागर, अमित कुमार सिंह, जिला मीडिया प्रभारी हंसराज सिंह, अंकुर चौधरी, अभिषेक पांडेय, विमल सिंह राजपूत, विमल यादव सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अंत में सभी सदस्यों ने संगठन की एकजुटता बनाए रखने, पत्रकारों के हितों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने और राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद को जनपद चित्रकूट में और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *