उत्तरकाशी | मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और नुकसान का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों की समस्याएं सुनीं और हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
प्रत्येक प्रभावित परिवार को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री ने अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही अधिकारियों को नुकसान का विस्तृत आकलन करने और आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

छह महीने के राशन और सुरक्षित आवास की होगी व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने सर्दी और संभावित बर्फबारी को देखते हुए प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित आवास की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अग्निकांड में ग्रामीणों का छह महीने का राशन भी नष्ट हो गया है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने आगामी छह माह के राशन की व्यवस्था करने को कहा।

बच्चों की शिक्षा नहीं होगी प्रभावित
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। आवश्यकतानुसार विद्यालय की व्यवस्था करने के साथ महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की जरूरतों को प्राथमिकता देने को कहा।
गांव में जलाशय और हेलीपैड का भी होगा निर्माण
मुख्यमंत्री ने कहा कि पवाणी गांव की भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जलाशय, हेलीपैड और अन्य जरूरी विकास कार्य किए जाएंगे। हालांकि, वर्तमान में सरकार की प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत और पुनर्वास उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है और किसी भी परिवार को अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिलाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

NATION 9 TODAY | आम जनता की आवाज









