देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासकीय आवास पर प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों, जनसुविधाओं, कानून-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं और जनहित से जुड़ी शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
1 नवंबर तक पूरे हों अधूरे सीवर और पेयजल कार्य
मुख्यमंत्री ने सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीवर और पेयजल पाइपलाइन से जुड़े अधूरे कार्य 1 नवंबर तक पूरे किए जाएं और इसके बाद सड़कों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित की जाए। स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने और राजस्व संबंधी मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने पर भी जोर दिया गया।

लापरवाही पर तय होगी अधिकारियों की जवाबदेही
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे सड़क मार्ग से प्रदेश का भ्रमण कर निर्माण कार्यों और सड़कों की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। यदि कहीं काम की गुणवत्ता खराब मिली, अनावश्यक देरी हुई या लापरवाही सामने आई, तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

थानों में फरियादियों की शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश
बैठक में पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि थानों में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने और आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
कुंभ मेला-2027 की साप्ताहिक समीक्षा
मुख्यमंत्री ने कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की नियमित साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा आपदा प्रभावितों को तत्काल राहत पहुंचाने, दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपेक्षा की।










