देहरादून से ‘श्वेत जल नौका अभियान–2026’ रवाना, रुद्रप्रयाग से ऋषिकेश तक 145 KM की चुनौती तय करेंगे सेना के जांबाज

 देहरादून। आर्मी सर्विस कोर (ASC) की ओर से आयोजित ‘श्वेत जल नौका अभियान–2026’ को मंगलवार को देहरादून से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। मध्य कमान के मेजर जनरल पी. के. तिवारी (MGASC) ने अभियान में शामिल 16 सदस्यीय सैन्य दल को ध्वज दिखाकर रवाना किया।

7 से 11 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस साहसिक अभियान में 2 अधिकारी, 2 जेसीओ और 12 अन्य सैनिक शामिल हैं। दल रुद्रप्रयाग से ऋषिकेश तक अलकनंदा और गंगा की तेज धाराओं के बीच करीब 145 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण दूरी नौका के जरिए तय करेगा।

514 आर्मी सर्विस कोर बटालियन के नेतृत्व में आयोजित अभियान रुद्रप्रयाग से शुरू होकर धारी देवी, श्रीनगर, देवप्रयाग और कौड़ियाला होते हुए ऋषिकेश पहुंचेगा।

अभियान का उद्देश्य सैन्य कर्मियों में साहस, अनुशासन, टीम भावना के साथ शारीरिक और मानसिक दृढ़ता को बढ़ावा देना है। दुर्गम नदी मार्ग और तेज धाराओं के बीच होने वाला यह अभियान सैनिकों के साहस, समन्वय और धैर्य की भी परीक्षा लेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *