देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा आज, 7 अक्टूबर को उत्तराखंड समेत देशभर में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ आयोजित कर रही है। उत्तराखंड में इसे ‘विकसित भारत संकल्प एवं सेवा ज्योति यात्रा’ के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
प्रदेश स्तर पर कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। मुख्यमंत्री धामी उत्तरकाशी के रामलीला मैदान में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा में शामिल हो रहे हैं, जबकि महेंद्र भट्ट टिहरी में कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे।
कार्यक्रमों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का वर्चुअल संबोधन प्रस्तावित है। इसके बाद कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित लोगों को ‘विकसित भारत’ का सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा और सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की जाएगी।
देहरादून में मुख्य आयोजन परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय भवन में होगा। यहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रज्ज्वलित सेवा ज्योति को बाद में लैंसडाउन चौक पर स्थापित किया जाएगा। इसी तर्ज पर राज्य के जिला मुख्यालयों और विधानसभा क्षेत्रों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं।










