_हरिद्वार की धार्मिक विरासत को दर्शाता है नया लोगो, आधिकारिक वेबसाइट पर मिलेगी कुंभ से जुड़ी जानकारी।_
हरिद्वार। हरिद्वार कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कुंभ के आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और गीत का लोकार्पण किया। मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा, सनातन संस्कृति और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हरिद्वार कुंभ-2027 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और गीत के माध्यम से कुंभ की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया जाएगा।
कुंभ के लोगो में दिखेगी हरिद्वार की आध्यात्मिक विरासत
हरिद्वार कुंभ-2027 के आधिकारिक लोगो में मां गंगा, हर की पैड़ी, धनुष पुल, सूर्योदय, भगवान शिव की प्रतिमा, साधु-संत, त्रिशूल और डमरू जैसे धार्मिक प्रतीकों को शामिल किया गया है। इसके साथ ही मां मनसा देवी और चंडी देवी की पहाड़ियों को भी स्थान दिया गया है।
इस लोगो का उपयोग कुंभ से जुड़ी प्रचार सामग्री, प्रकाशनों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा।
हरिद्वार निवासी मधु शर्मा ने डिजाइन किया लोगो
कुंभ मेला प्रशासन ने आधिकारिक लोगो के लिए युवाओं और विद्यार्थियों से डिजाइन आमंत्रित किए थे। सैकड़ों प्रविष्टियों में से 13 श्रेष्ठ डिजाइनों पर विचार करने के बाद विकास नगर, जगजीतपुर निवासी मधु शर्मा के डिजाइन का चयन किया गया।
आधिकारिक वेबसाइट पर मिलेगी कुंभ की जानकारी
मुख्यमंत्री ने कुंभ मेला-2027 की आधिकारिक वेबसाइट का भी लोकार्पण किया। इसके जरिए देश-विदेश के श्रद्धालु कुंभ से संबंधित प्रामाणिक सूचनाएं डिजिटल माध्यम से प्राप्त कर सकेंगे।
हरिद्वार कुंभ-2027 आधिकारिक वेबसाइट
वेबसाइट का उद्देश्य श्रद्धालुओं को आयोजन की तैयारियों और संबंधित सूचनाओं से जोड़ना तथा आवश्यक जानकारी तक उनकी पहुंच आसान बनाना है।
‘कुंभ का पर्व आ गया’ गीत का हुआ लोकार्पण
कार्यक्रम में कुंभ के आधिकारिक गीत का भी लोकार्पण किया गया। गीत की शुरुआत साधु-संतों के उत्साह और कुंभ के आगमन के संदेश से होती है।
इस गीत का लेखन, गायन और संगीत हरिद्वार निवासी कलाकार राघव राजा ने किया है। गीत के माध्यम से कुंभ की धार्मिक परंपरा, श्रद्धालुओं की आस्था और आयोजन के उल्लास को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
सुरक्षित और सुव्यवस्थित कुंभ आयोजन पर जोर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हरिद्वार कुंभ करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व रखता है। राज्य सरकार का प्रयास है कि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि आधुनिक डिजिटल संचार माध्यमों के साथ भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं को जोड़कर कुंभ की विशिष्ट पहचान को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
लोकार्पण समारोह में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस दौरान मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत भुल्लर, महानिदेशक सूचना वंशीधर तिवारी और मेला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।










