देहरादून में सनसनीखेज हत्याकांड: लव मैरिज के 5 साल बाद पति ने धारदार हथियार से पत्नी का गला काटकर की हत्या, आरोपी फरार

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के विकासनगर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कालसी तहसील के कचटा गांव में एक युवक पर अपनी ही पत्नी की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।
पांच साल पहले हुई थी शादी, घरेलू विवाद में हत्या की आशंका

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कचटा गांव निवासी 25 वर्षीय मनोज और 22 वर्षीय नीलम की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी। बताया जा रहा है कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था।

आरोप है कि मनोज ने घर में रखे धारदार हथियार ‘पाठल’ से अपनी पत्नी नीलम के गले पर हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि नीलम की मौके पर ही मौत हो गई।

चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजन और पड़ोसी
घटना के दौरान नीलम की चीख-पुकार सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक नीलम की जान जा चुकी थी। वहीं वारदात को अंजाम देने का आरोपी मनोज मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

एसडीएम बोले—प्रथमदृष्टया गृहक्लेश का मामला
एसडीएम कालसी प्रेम लाल के अनुसार, मनोज और नीलम की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे घरेलू विवाद की आशंका सामने आई है।

हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
फरार पति की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अधिकारियों के मुताबिक, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फरार आरोपी मनोज की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार करने की बात कही गई है।

इस वारदात ने एक बार फिर घरेलू विवादों के हिंसक रूप लेने की गंभीर समस्या को सामने ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *