सुल्तानपुर के हलियापुर क्षेत्र में अज्ञात वाहन से टक्कर के बाद खड़े ट्रक में जा घुसी एंबुलेंस; चंडीगढ़ से देवरिया ले जाया जा रहा था सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर
सुल्तानपुर, 4 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर चंडीगढ़ से उनके पैतृक गांव देवरिया जा रही एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में सूबेदार मेजर के बेटे, भाई और भतीजे समेत एंबुलेंस चालक की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, हादसा अयोध्या-सुल्तानपुर सीमा के पास हलियापुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के करीब 79.6 किलोमीटर पर हुआ। सुबह एंबुलेंस की एक अज्ञात वाहन से टक्कर हुई, जिसके बाद एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
एंबुलेंस में सूबेदार मेजर सत्यवान के साथ उनके परिजन मौजूद थे। हादसे में उनके बेटे गौरव सिंह और एंबुलेंस चालक जसपाल की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल दो अन्य परिजनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। इस तरह हादसे में कुल चार लोगों की जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं। सूबेदार मेजर सत्यवान के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।











