देर रात आगे चल रहे डंपर से टकराई कार; तरसेम नेगी, अमित और सोनू सिवाच की गई जान, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
पांवटा साहिब, 4 अक्टूबर 2026। पांवटा साहिब के यमुना पुल पर शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार अपने आगे चल रहे डंपर से पीछे से टकरा गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों युवकों को गंभीर चोटें आईं।
पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे अनिल चौहान अपनी कार से यमुना पुल से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सामने एक क्षतिग्रस्त कार दिखाई दी। कार का नंबर HP22E-9005 बताया गया है और यह तरसेम नेगी की बताई गई।
अनिल चौहान ने कार के पास जाकर देखा तो ड्राइविंग सीट पर तरसेम नेगी, साथ वाली सीट पर अमित और पिछली सीट पर सोनू सिवाच घायल अवस्था में पड़े थे। हादसे की सूचना के बाद एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची।
सोनू सिवाच को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि कार में फंसे तरसेम नेगी और अमित को पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से अगली दोनों खिड़कियां खोलकर बाहर निकाला। तीनों घायलों को उपचार के लिए पांवटा साहिब अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने अनिल चौहान के बयान के आधार पर FIR संख्या 209/26, दिनांक 4 अक्टूबर 2026 के तहत थाना पांवटा साहिब में धारा 281, 125(A) और 106 BNS के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार की आगे चल रहे डंपर से पीछे से टक्कर हुई थी। हादसे की परिस्थितियों और अन्य पहलुओं को लेकर पुलिस की जांच जारी है।











