आयुष विभाग के 271 और कर्मचारी राज्य बीमा योजना के 61 एलोपैथिक फार्मेसी अधिकारियों को मिले नियुक्ति पत्र; मुख्यमंत्री ने सेवाभाव, संवेदनशीलता और ईमानदारी से कार्य करने का किया आह्वान
देहरादून, 5 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में कुल 332 नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें आयुष विभाग के 271 तथा कर्मचारी राज्य बीमा योजना के अंतर्गत 61 एलोपैथिक फार्मेसी अधिकारी शामिल हैं।

नव नियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र मिलना युवाओं के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन इसके साथ ही जनसेवा की एक नई जिम्मेदारी भी शुरू होती है। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा को केवल नौकरी के रूप में न देखकर समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनाया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्मिकों की जिम्मेदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने वाला प्रत्येक व्यक्ति एक उम्मीद लेकर आता है। ऐसे में कार्मिकों का सही निर्णय, संवेदनशील व्यवहार और ईमानदार प्रयास किसी जरूरतमंद के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है।
5 वर्षों में 35 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां देने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती व्यवस्था को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए नकल माफिया के खिलाफ कार्रवाई के साथ सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है और युवाओं को उनकी योग्यता एवं मेहनत के आधार पर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उत्तराखंड को ‘ग्लोबल वेलनेस हब’ बनाने पर जोर
सीएम धामी ने कहा कि सरकार उत्तराखंड को मॉडल ‘आयुष प्रदेश’ और ‘ग्लोबल वेलनेस हब’ के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। सभी जिलों में आयुष सेवाओं के विस्तार, पंचकर्म सेवाओं के आधुनिकीकरण और आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्रों की स्थापना पर काम किया जा रहा है। ई-संजीवनी और ‘आयुष सेतु पोर्टल’ के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने का प्रयास भी जारी है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, कर्मचारी राज्य बीमा योजना पहले प्रदेश के छह जिलों में संचालित थी, जिसे अब सभी 13 जिलों तक विस्तारित किया गया है। रुद्रपुर में 100 बेड का ESI अस्पताल शुरू हो चुका है, हरिद्वार में 300 बेड के अस्पताल का निर्माण चल रहा है और काशीपुर में अस्पताल के लिए भूमि चिन्हित की गई है। इसके अलावा 47 नए चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में बताई गई।
कार्यक्रम में आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर सहित शासन और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रह
📍 देहरादून | 332 नव नियुक्त कार्मिकों को मिले नियुक्ति पत्र
CM पुष्कर सिंह धामी ने आयुष विभाग के 271 और कर्मचारी राज्य बीमा योजना के 61 एलोपैथिक फार्मेसी अधिकारियों सहित 332 कार्मिकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। सीएम ने कहा—सरकारी सेवा को सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा और जरूरतमंद के जीवन में बदलाव लाने की जिम्मेदारी समझें।










