उत्तरकाशी के मल्ला गांव में भालू का हमला, 55 वर्षीय ग्रामीण गंभीर घायल

सुबह छान की ओर जाते समय जगबीर सिंह रावत पर झपटा भालू; भटवाड़ी में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल उत्तरकाशी रेफर

उत्तरकाशी। जिले के भटवाड़ी विकासखंड स्थित मल्ला गांव में सोमवार सुबह भालू के हमले से एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे 55 वर्षीय जगबीर सिंह रावत अपनी छान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मदद के लिए पहुंचे और घायल जगबीर सिंह को उपचार के लिए भटवाड़ी स्थित स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल उत्तरकाशी रेफर कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि मल्ला गांव और आसपास के क्षेत्रों में पहले भी भालू की गतिविधियां देखी गई हैं। घटना के बाद क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *