दिव्यांगजन सिविल सर्विस कोचिंग का शुभारंभ, 23 वरिष्ठ नागरिक सम्मानित; धामी बोले—“उत्तराखंड के प्रत्येक वरिष्ठजन का सम्मान, सुरक्षा और सुविधा मेरी जिम्मेदारी”

देहरादून, 1 अक्टूबर। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के नींबूवाला स्थित हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजन सिविल सर्विस कोचिंग का शुभारंभ किया और अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 23 वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया। निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिता में चयनित पांच छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम की प्रमुख घोषणा पेंशन भुगतान को लेकर रही। मुख्यमंत्री ने वन क्लिक के माध्यम से सितंबर माह की पेंशन जारी करते हुए 9,93,886 पेंशनरों को ₹147 करोड़ 34 लाख 53 हजार का भुगतान किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों को वरिष्ठजनों के कल्याण की शपथ भी दिलाई और परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया।
मुख्यमंत्री धामी ने वरिष्ठ नागरिकों को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वृद्धजन परिवार के सुरक्षा कवच होते हैं। उनके अनुभव से नई पीढ़ी को संस्कार और जीवन के आदर्श सीखने को मिलते हैं। उन्होंने वरिष्ठजनों को परिवार और समाज की जीवंत विरासत बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह प्रदेश के मुख्य सेवक होने के साथ उत्तराखंड के बेटे भी हैं और प्रदेश के प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक का सम्मान, सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है। राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों को प्रतिमाह ₹1,500 पेंशन दे रही है और पति-पत्नी दोनों को अलग-अलग पेंशन का लाभ दिए जाने की व्यवस्था है।
धामी ने वृद्धाश्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सोच है कि समाज में ऐसी स्थिति ही नहीं आनी चाहिए कि वरिष्ठजनों को वृद्धाश्रम में रहना पड़े। बुजुर्गों को अपने परिवार के बीच सम्मान के साथ रहने का अधिकार मिलना चाहिए।
उन्होंने बताया कि बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में राजकीय वृद्धाश्रम संचालित हैं, जबकि देहरादून, अल्मोड़ा और चम्पावत में नए वृद्धाश्रम भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत निःशुल्क यात्रा सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने भारतीय संस्कृति में बुजुर्गों के सम्मान की परंपरा का उल्लेख करते हुए युवाओं से वरिष्ठजनों का सम्मान और जरूरत के समय उनकी सहायता करने का आह्वान किया।
विधायक सविता कपूर सहित शासन-प्रशासन और समाज कल्याण विभाग के अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

![]()
NATION 9 TODAY | आम जनता की आवाज









