बच्चों का स्वस्थ बचपन ही मजबूत भविष्य की नींव’—ओणी गांव में रेखा आर्या ने बच्चों संग किया भोजन, माताओं-किशोरियों से किया संवाद

आंगन का मिलन’ कार्यक्रम में महालक्ष्मी किट और किशोरी बालिका योजना के लाभार्थियों को मिला लाभ; गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई, उत्कृष्ट आंगनवाड़ी कार्यकत्री-सहायिका सम्मानित

 

नरेन्द्रनगर (टिहरी गढ़वाल), 1 अक्टूबर। नरेन्द्रनगर विधानसभा क्षेत्र के ओणी गांव स्थित स्मार्ट आंगनवाड़ी केंद्र में बुधवार को ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कार्यक्रम में किशोरियों, माताओं और नन्हे बच्चों से संवाद कर उनकी जरूरतों और समस्याओं की जानकारी ली तथा उनसे सुझाव भी प्राप्त किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेखा आर्या ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि मातृ-शिशु स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और परिवारों के समग्र विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास आंगनवाड़ी केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर बच्चों को सुरक्षित, स्वस्थ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है।

रेखा आर्या ने कहा, “बच्चों का स्वस्थ बचपन ही प्रदेश के मजबूत भविष्य की नींव है।” उन्होंने बच्चों को बेहतर पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण देने के साथ किशोरियों और माताओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रदेश में इसी उद्देश्य से ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार महिला एवं बाल विकास, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा के क्षेत्र में विभिन्न योजनाएं चला रही हैं और प्रयास है कि इनका लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचे। ‘आंगन का मिलन’ अभियान 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है |

बच्चों के साथ किया भोजन, गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई
कार्यक्रम के दौरान रेखा आर्या ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनके साथ भोजन भी किया। गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई और आंगनवाड़ी केंद्र से जुड़े पात्र लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। बेहतर कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकत्री और सहायिका को भी सम्मानित किया गया।

महालक्ष्मी किट से सुषमा, गंगा, रेशमा और मनीषा को लाभान्वित किया गया। गर्भवती महिलाओं में काजल, प्रिया और पुष्पा को कार्यक्रम का लाभ मिला। वहीं किशोरी बालिका योजना के तहत काजल, निधि, श्वेता, वैष्णवी और शिया को लाभान्वित किया गया। आंगनवाड़ी कार्यकत्री आरती देवी और सहायिका पूनम को उनके कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

रेखा आर्या ने स्मार्ट आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए इसे पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, स्वास्थ्य और बच्चों के सुरक्षित वातावरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उदाहरण बताया।

 

NATION 9 TODAY | आम जनता की आवाज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *