ऋषिकेश के बीटल्स आश्रम में होगी हॉलीवुड फिल्म की शूटिंग! ऑस्कर विजेता निर्देशक सैम मेंडेस की अंतरराष्ट्रीय परियोजना पर CM धामी से चर्चा

फरवरी 2027 में चौरासी कुटिया में शूटिंग प्रस्तावित, ‘द बीटल्स’ के चार सदस्यों पर बनेंगी चार फिल्में; स्थानीय युवाओं को रोजगार और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद

देहरादून | 18 अक्टूबर 2026

उत्तराखंड एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत के आकर्षण का केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विश्वप्रसिद्ध ब्रिटिश संगीत समूह ‘द बीटल्स’ (The Beatles) पर आधारित अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग ऋषिकेश के ऐतिहासिक चौरासी कुटिया (बीटल्स आश्रम) में किए जाने की योजना है।

रविवार को अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर प्रस्तावित फिल्म परियोजना और उत्तराखंड में शूटिंग की संभावनाओं पर चर्चा की।

फरवरी 2027 में ऋषिकेश में शूटिंग प्रस्तावित

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि ‘क्लोवर’ (CLOVER) नाम से प्रस्तावित फिल्म परियोजना की शूटिंग फरवरी 2027 में ऋषिकेश के बीटल्स आश्रम में की जा सकती है।

इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म श्रृंखला का निर्देशन ऑस्कर विजेता ब्रिटिश फिल्म निर्देशक सर सैम मेंडेस (Sam Mendes) कर रहे हैं।

सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के लिए नील स्ट्रीट प्रोडक्शंस द्वारा एप्पल कॉर्प्स के सहयोग से तैयार की जा रही इस परियोजना में द बीटल्स के चारों सदस्यों के जीवन और संगीत यात्रा पर चार अलग-अलग फिल्में बनाई जा रही हैं।

फिल्म श्रृंखला का नाम ‘द बीटल्स – ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट’ है। इन फिल्मों को अप्रैल 2028 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।

250 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और भारतीय क्रू सदस्य होंगे शामिल

प्रस्तावित शूटिंग में 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और लगभग 150 भारतीय क्रू सदस्यों के शामिल होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त स्थानीय तकनीशियनों और अन्य सहयोगियों की सेवाएं भी ली जाएंगी।

भारत में फिल्म निर्माण संबंधी कार्यों का समन्वय ‘ऑन द रोड इंडिया’ द्वारा किया जा रहा है।

इस परियोजना से ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में होटल, परिवहन, पर्यटन तथा अन्य स्थानीय व्यवसायों को लाभ मिलने और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद जताई गई है।

उत्तराखंड को वैश्विक फिल्म डेस्टिनेशन बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत तथा विविध शूटिंग लोकेशन के कारण फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षक स्थान बन रहा है।

उन्होंने बताया कि राज्य की फिल्म नीति-2024 के अंतर्गत फिल्म निर्माताओं को आवश्यक सुविधाएं और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश की विश्वभर में योग और अध्यात्म की नगरी के रूप में पहचान है। द बीटल्स का भी ऋषिकेश से ऐतिहासिक संबंध रहा है। ऐसे में यहां अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग होने से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान मिलने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं ने की मुख्यमंत्री से मुलाकात

मुख्यमंत्री से भेंट करने वाले प्रतिनिधिमंडल में बाफ्टा पुरस्कार के लिए नामित ब्रिटिश फिल्म निर्माता एलेक्जेंड्रा डर्बीशायर, भारतीय फिल्म निर्माता दिलीप सिंह राठौर और सुपरवाइजिंग लोकेशन मैनेजर एम्मा पिल शामिल थीं।

यदि प्रस्तावित शूटिंग निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होती है, तो यह परियोजना उत्तराखंड के फिल्म पर्यटन और स्थानीय रोजगार के लिए महत्वपूर्ण अवसर बन सकती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *