मेयर सौरभ थपलियाल ने दिए कूड़े के ढेर हटाने के निर्देश, बाजारों और फुटपाथों पर अतिक्रमण के खिलाफ होगी कार्रवाई।
त्योहारी सीजन से पहले देहरादून नगर निगम ने कसी कमर, सफाई और अतिक्रमण के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान
देहरादून। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए देहरादून नगर निगम शहर की साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने की तैयारी में है। नगर निगम का उद्देश्य त्योहारों के दौरान शहर को स्वच्छ बनाए रखने के साथ बाजारों और सार्वजनिक मार्गों पर लोगों की आवाजाही सुगम बनाना है।

कूड़े के ढेर हटाने को प्राथमिकता
देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल ने बताया कि शहर में जिन स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाएगा। इसके लिए नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

बाजारों और फुटपाथों से हटेगा अतिक्रमण
मेयर के अनुसार, शहर के बाजारों में जहां भी अतिक्रमण पाया जाएगा, वहां निगम की ओर से कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा फुटपाथों पर किए गए अवैध कब्जों को भी हटाया जाएगा, ताकि पैदल चलने वाले लोगों को परेशानी न हो।
नियम तोड़ने वालों पर लगेगा जुर्माना
मेयर सौरभ थपलियाल ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण के मामलों में नगर निगम सख्त कार्रवाई करता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई के साथ अर्थदंड भी वसूला जाता है।
त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए नगर निगम का यह अभियान शहर की स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।










