कैंचीधाम के पास खाई में गिरी दूध से भरी पिकअप, 10 वर्षीय बच्चे समेत 3 घायल

नैनीताल। कैंचीधाम मंदिर के पास मंगलवार तड़के एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन में सवार तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक 10 वर्षीय बच्चा भी शामिल है। घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है।

जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन संख्या UK04 CC 3465 लालकुआं से दूध लेकर जा रहा था। रात करीब 2 बजे कैंचीधाम मंदिर के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गया।

मंगलवार सुबह आपदा कंट्रोल रूम नैनीताल से सूचना मिलने के बाद SDRF पोस्ट खैरना से उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

SDRF के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में सवार तीनों घायलों को खाई से बाहर निकाल लिया था। इसके बाद SDRF और जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य किया। तीनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया और दुर्घटनास्थल पर सर्चिंग भी की गई।

घायलों की पहचान 33 वर्षीय अंकित सिंह, बॉबी और 10 वर्षीय मोहम्मद साकिब के रूप में हुई है।

स्थानीय लोगों की तत्परता और रेस्क्यू टीम की कार्रवाई के चलते तीनों घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *