देहरादून में बड़ा हादसा: आशारोड़ी चेकपोस्ट पर ट्रक ने IRB जवानों की बस को मारी टक्कर, 4 जवानों समेत 7 घायल

देहरादून। राजधानी देहरादून के मोहब्बेवाला क्षेत्र में आशारोड़ी चेकपोस्ट के पास मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। सहारनपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने IRB फर्स्ट बटालियन के जवानों को ले जा रही बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ। हादसे में IRB के चार जवानों समेत कुल सात लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

हादसे के दौरान एक मोटरसाइकिल भी ट्रक की चपेट में आ गई। दुर्घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होते दिखाई दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय IRB फर्स्ट बटालियन की बस में आठ जवान सवार थे। ये जवान IRB फर्स्ट बटालियन, बेलपड़ाव रामनगर में तैनात बताए जा रहे हैं।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया।

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। ट्रक के अनियंत्रित होने के पीछे तेज रफ्तार, चालक की लापरवाही अथवा अन्य कारणों की जांच की जा रही है। CCTV फुटेज को भी जांच में शामिल किया गया है।

आशारोड़ी-मोहब्बेवाला क्षेत्र में लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर इस हिस्से में भारी वाहनों की रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *