



शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए 19 जुलाई से स्कूलों के लिए नया ट्रैफिक प्लान लागू होगा।
शहर के 21 बड़े स्कूलों का खुलने और बंद होने का समय बदल जाएगा
एक सप्ताह तक स्कूल इसका ट्रायल करेंगे और इसके बाद इसे लागू कर दिया जाएगा।
देहरादून में स्कूलों के खुलने और छुट्टी के समय यातायात पटरी से उतर जा रहा है। स्कूली बच्चों के साथ ही लोगों को भी जाम से जूझना पड़ रहा है। वाहनों के दबाव से घंटों तक जाम की समस्या बन जा रही है। ईसी रोड, राजपुर रोड, गांधी रोड, नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है।
इस समस्या के उचित समाधान के लिए पुलिस और प्रशासन ने स्कूलों के खुलने और छुट्टी समय में बदलाव कर नया ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। इसे 19 जुलाई से एक सप्ताह के लिए ट्रायल के तौर पर लागू किया जा रहा है।
स्कूलों के जाम से सबसे ज्यादा दिक्कत दोपहर के वक्त हो रही थी। यह समय दफ्तरों के लंच टाइम का भी होता है। ऐसे में ट्रैफिक का दबाव ज्यादा रहता है। शासन स्तर पर भी अधिकारी लंच के समय सड़कों पर जाम की स्थिति से परेशान बताए जा रहे थे।
जिला प्रशासन की बैठक में भी यह बात उठी थी। शासन की बैठकों में पहुंचने में कई बार देरी हो जा रही थी। इसलिए पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों को दून के ट्रैफिक को स्कूलों की छुट्टी के वक्त व्यवस्थित करने का दबाव है।
स्कूलों का समय आगे-पीछे करना केवल अस्थायी समाधान है। जब तक वाहनों के लिए पार्किंग की ठोस व्यवस्था नहीं होगी, तब तक शहरभर में जाम की समस्या बनी रहेगी। प्रशासन को शहर में स्कूलों के आसपास ओवरब्रिज और विभिन्न सड़कों का चौड़ीकरण करवाना चाहिए। तभी इस समस्या का समाधान हो सकेगा। डॉ. प्रेम कश्यप, अध्यक्ष-प्रोग्रेसिव प्रिंसिपल्स स्कूल्स एसोसिएशन
पुलिस ने विभिन्न स्कूलों के लिए ट्रैफिक प्लान बनाया है। इसके तहत स्कूलों के खुलने और छुट्टी के समय को अलग अलग रखा गया है। इन स्कूलों को एक हफ्ते का समय दिया गया है। 19 जुलाई से नए ट्रैफिक प्लान के अनुरूप स्कूलों का संचालन होगा। सोनिका, जिलाधिकारी- देहरादून