



देहरादून: नगर निगम दून शहर के कूड़ा निस्तारण को आधुनिक बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। कारगी और धोरण क्षेत्र के कूड़ा निस्तारण केंद्रों को मैकेनाइज्ड किया जा रहा है, जिससे कूड़े के प्रबंधन में सुधार होगा। इस परियोजना पर धोरण में करीब 3 करोड़ और कारगी में 6 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
नगर निगम के अनुसार, शहर से रोजाना करीब 450 टन कूड़ा इन निस्तारण केंद्रों पर पहुंचता है, जिसमें से 300 टन कूड़ा कारगी और शेष धोरण में एकत्र किया जाता है। फिलहाल, कूड़ा शीशमबाड़ा भेजा जाता है, लेकिन समय पर न उठने के कारण आसपास के लोगों को दुर्गंध और असुविधा का सामना करना पड़ता है।
नगर निगम के उप-नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने जानकारी दी कि इन केंद्रों को मैकेनाइज्ड बनाने का कार्य तेजी से जारी है और आगामी दो महीनों में यह सिस्टम पूरी तरह तैयार हो जाएगा। इससे कूड़ा निस्तारण अधिक प्रभावी और सुव्यवस्थित तरीके से हो सकेगा, जिससे स्थानीय निवासियों को राहत मिलेगी।