साकेत पंत का ऑलराउंड प्रदर्शन, अनिल डोगरा की तूफानी पारी; दिवंगत पत्रकार विकास धूलिया की स्मृति में आयोजित प्रतियोगिता का हुआ समापन
देहरादून | उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का खिताब दून किंग राइडर ने अपने नाम कर लिया। शनिवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज मैदान में खेले गए फाइनल मुकाबले में दून किंग राइडर ने शानदार बल्लेबाजी और सधी हुई गेंदबाजी के दम पर दून स्ट्राइकर्स को 36 रन से शिकस्त दी।
फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए दून किंग राइडर ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट खोकर 131 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दून स्ट्राइकर्स की टीम 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 95 रन ही बना सकी।
साकेत पंत और अनिल डोगरा ने संभाली बल्लेबाजी
दून किंग राइडर की ओर से साकेत पंत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में छह चौकों की मदद से नाबाद 46 रन बनाए। वहीं, अनिल डोगरा ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 23 गेंदों में सात चौकों की बदौलत नाबाद 39 रन की पारी खेली।
मनमोहन शर्मा ने टीम के स्कोर में 18 रन का योगदान दिया।
दून स्ट्राइकर्स की ओर से अजय राणा ने 17 रन देकर दो विकेट हासिल किए, जबकि सोबन गुसाईं ने 33 रन देकर एक विकेट लिया।
साकेत पंत की घातक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सके बल्लेबाज
132 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दून स्ट्राइकर्स की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई।
दून स्ट्राइकर्स की ओर से सोबन गुसाईं ने सर्वाधिक 32 रन बनाए। अमित शर्मा ने 13 और अरविंद रावत ने 12 रन का योगदान दिया।
दून किंग राइडर की ओर से साकेत पंत ने गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में मात्र 12 रन देकर तीन विकेट झटके।
कप्तान सुनील कुमार ने 20 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि अनिल डोगरा ने 18 रन देकर एक विकेट हासिल किया।
साकेत पंत बने प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
फाइनल मुकाबले में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करने वाले साकेत पंत को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
पूरी प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के सम्मान से भी नवाजा गया।
विकास धूलिया की स्मृति में आयोजन, पत्रकारिता जगत ने दी श्रद्धांजलि
प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी और विशिष्ट अतिथि रोशनी धूलिया उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने दिवंगत पत्रकार विकास धूलिया को याद करते हुए कहा कि वह बेहद अनुभवी, विनम्र और सरल व्यक्तित्व के धनी थे।
उन्होंने कहा कि विकास धूलिया की स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता उनके विचारों, व्यक्तित्व और पत्रकारिता जगत में उनके योगदान को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
बंशीधर तिवारी ने उत्तरांचल प्रेस क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि दिवंगत पत्रकार साथियों की स्मृति में ऐसे आयोजन करना सराहनीय है। ये आयोजन पुरानी स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के साथ-साथ पत्रकारिता परिवार के बीच एकता और सामूहिकता को भी मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देते हैं।
वरिष्ठ पत्रकारों और प्रेस क्लब पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
समापन समारोह में प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, खेल संयोजक सोबन गुसाईं, संप्रेक्षक विजय जोशी, संयुक्त मंत्री शिवेश शर्मा, मीना नेगी, कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र डंगवाल (पार्थ), रश्मि खत्री, मनोज जयाड़ा, हरीश थपलियाल, हिमांशु जोशी, मनबर रावत, ओम प्रकाश जोशी और पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी सहित कई वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे।
दिवंगत पत्रकार विकास धूलिया की स्मृति में आयोजित इस प्रतियोगिता का समापन खेल भावना, आपसी सौहार्द और पत्रकारिता परिवार की एकजुटता के संदेश के साथ हुआ।

NATION 9 TODAY | आम जनता की आवाज









