उत्तराखण्ड पुलिस को मिला प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस निशान, अमित शाह की मौजूदगी में ऐतिहासिक सम्मान

 

देहरादून। उत्तराखण्ड पुलिस के लिए देहरादून स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित समारोह गौरवपूर्ण अवसर बना। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की गरिमामयी उपस्थिति में उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस निशान’ (President’s Police Colour) से अलंकृत किया गया।

समारोह में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी विशिष्ट तथा सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक से भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उत्तराखण्ड पुलिस के विशेष डाक आवरण और पुलिस पत्रिका का विमोचन भी किया गया।

206 बलिदानी पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि

समारोह के दौरान कर्तव्य निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले उत्तराखण्ड पुलिस के 206 वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

राष्ट्रपति पुलिस निशान किसी पुलिस बल की सेवा, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यों को मान्यता देने वाला प्रतिष्ठित सम्मान है। उत्तराखण्ड पुलिस को मिला यह सम्मान प्रदेश में कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और आपदा जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पुलिसकर्मियों के योगदान को रेखांकित करता है।

इस अवसर पर पुलिस बल के अधिकारियों और जवानों के समर्पण तथा कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *