ऊधमसिंह नगर के आठ शहरों में 20 छठ घाट, देहरादून और चंपावत में भी बनेंगे नए घाट; सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर दिया जोर
खटीमा/ऊधमसिंह नगर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित 14वें दीपावली मेले में प्रतिभाग करते हुए प्रदेश में छठ पूजा के लिए नए घाटों के निर्माण की महत्वपूर्ण घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने काशीपुर, जसपुर, रुद्रपुर, बाजपुर, गदरपुर, सितारगंज, खटीमा और किच्छा में कुल 20 छठ घाट बनाए जाने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त देहरादून के प्रेमनगर में टोंस नदी के दाहिने तट, विकासनगर के बाढ़वाला में यमुना नदी के तट और चंपावत के बनबसा में भी छठ घाट बनाए जाएंगे।

सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण पर जोर
दीपावली मेले को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत विकास परिषद जैसे संगठन सेवा और संस्कार से जुड़े कार्यों के माध्यम से समाज को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और विरासत से जोड़ने के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य कर रही है।
केदारखंड और मानसखंड के धार्मिक स्थलों का विकास
मुख्यमंत्री ने केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आपदा से प्रभावित केदारनाथ धाम को नए स्वरूप में विकसित करने का कार्य आगे बढ़ा है।
उन्होंने बताया कि केदारखंड में चारधामों के विकास की तर्ज पर मानसखंड क्षेत्र के पौराणिक मंदिरों और धार्मिक स्थलों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

लगभग ₹3,000 करोड़ की कॉरिडोर परियोजनाओं का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार-ऋषिकेश क्षेत्र में गंगा कॉरिडोर और माँ शारदा के तट पर शारदा कॉरिडोर से जुड़े कार्य लगभग ₹3,000 करोड़ की लागत से आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने दून विश्वविद्यालय में भारतीय संस्कृति, दर्शन और इतिहास के अध्ययन को प्रोत्साहित करने के लिए स्थापित ‘सेंटर फॉर हिंदू स्टडी’ का भी उल्लेख किया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी, मोहनी पोखरिया, किशन सिंह, संतोष गौरव, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, महामंत्री रमेश जोशी, जिला उपाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय, हिमांशु बिष्ट और जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित विभिन्न अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Nation 9 Today | आम जनता की आवाज











