उत्तराखंड कांग्रेस का बड़ा अभियान: 45 दिनों तक चलेगा “संविधान बचाओ” कार्यक्रम, 30 अप्रैल को रेंजर्स ग्राउंड से होगी शुरुआत

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं


उत्तराखंड कांग्रेस ने केंद्र की नीतियों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए आगामी 45 दिनों तक राज्यभर में “संविधान बचाओ” अभियान चलाने की घोषणा की है। इस अभियान की शुरुआत 30 अप्रैल को देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड में एक विशाल रैली के साथ होगी।

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन सूर्यकांत धस्माना ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कैलेंडर के तहत आयोजित किया जा रहा है। रेंजर्स ग्राउंड की रैली के बाद यह अभियान जनपद स्तर और फिर प्रदेश की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में चलेगा। इसमें जनजागरूकता रैलियां, गोष्ठियां और संवाद कार्यक्रम शामिल होंगे।

धस्माना ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य संविधान की मूल भावना को बचाए रखना है और जनता को मौजूदा शासन की लोकतंत्र विरोधी नीतियों के बारे में जागरूक करना है।

इससे पूर्व कांग्रेस की उच्च स्तरीय समन्वय समिति की बैठक प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ीं। करीब दो घंटे चली इस बैठक में अभियान की रूपरेखा और रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

Leave a Comment

  • Digital Griot