उत्तराखंड ने खेल जगत में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। FICCI द्वारा आयोजित ‘इंडिया स्पोर्ट्स अवार्ड 2025’ में उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ उभरता राज्य (Emerging State) के प्रतिष्ठित खिताब से सम्मानित किया गया है।
राज्य की खेल मंत्री रेखा आर्या ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार उत्तराखंड की सशक्त खेल नीतियों, खिलाड़ियों के समर्पण और खेल विकास में निरंतर किए जा रहे सुधारों का सशक्त प्रमाण है।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए गए हैं, जिसका परिणाम आज राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई दे रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन ने उत्तराखंड को खेल मानचित्र पर एक नई पहचान दी। इससे प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को मंच मिला और “खेल संस्कृति” को नई मजबूती मिली।
रेखा आर्या ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का पल है, और आने वाले समय में उत्तराखंड खेलों में और भी बड़ी ऊँचाइयाँ छुएगा।
FICCI का इंडिया स्पोर्ट्स अवार्ड 2025 समारोह 21 नवंबर 2025, शाम 6 बजे, नई दिल्ली स्थित फिक्की फेडरेशन हाउस में आयोजित किया जाएगा।










