गुजरात के केवडिया में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के सम्मुख आयोजित एकता परेड में इस बार उत्तराखंड की झांकी ने सभी का दिल जीत लिया। झांकी में देवभूमि की प्रकृति, संस्कृति और प्रगति के विविध रंगों की झलक देखने को मिली।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भव्य एकता परेड का निरीक्षण करते हुए उत्तराखंड की झांकी और लोक कलाकारों के शानदार प्रदर्शन की ताली बजाकर सराहना की।
सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित इस राष्ट्रीय समारोह में देश के चुनिंदा आठ राज्यों को झांकी प्रदर्शन का अवसर मिला, जिनमें उत्तराखंड भी शामिल रहा।
‘अष्ट तत्त्व और एकत्व’ की थीम पर आधारित उत्तराखंड की झांकी ने राज्य के धार्मिक स्थलों, प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक समृद्धि और विकास के विभिन्न आयामों को प्रदर्शित किया।
सूचना विभाग के संयुक्त निदेशक श्री के.एस. चौहान के नेतृत्व में उत्तराखंड की झांकी के साथ राज्य के लोक कलाकारों के दल ने पारंपरिक लोकगीतों की धुन पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया।
श्री चौहान ने बताया कि उत्तराखंड की इस झांकी और लोक प्रस्तुति को दर्शकों की व्यापक सराहना मिली है।










