



जनपद रुद्रप्रयाग के कोतवाली क्षेत्र में शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। गांव निवासी प्रदीप सिंह रावत ने कोतवाली में तहरीर दी कि उनकी नाबालिग पुत्री के साथ गांव के ही मकान सिंह और हुकुम सिंह छेड़खानी कर रहे थे। जब पीड़िता का भाई बीच-बचाव करने पहुंचा, तो आरोपी मकान सिंह ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसका बायां कान कट गया।
परिजनों ने घायल युवक को देर रात श्रीकोट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। कोतवाली रुद्रप्रयाग में प्राप्त तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी मकान सिंह व हुकुम सिंह के खिलाफ पोक्सो अधिनियम सहित अन्य गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है।
एसपी रुद्रप्रयाग अक्षय प्रल्हाद कोंडे ने जानकारी दी कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दो पुलिस टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रवाना कर दी गई हैं। साथ ही अस्पताल में भर्ती घायल बालक के स्वास्थ्य की जानकारी भी पुलिस द्वारा ली गई है।