



38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों को अब उनके नगद पुरस्कार की राशि जल्द मिलने वाली है। राज्य सरकार ने इसके लिए ₹15 करोड़ का बजट जारी कर दिया है। यह जानकारी खेल मंत्री रेखा आर्या ने दी।
रेखा आर्या ने बताया कि प्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए इनाम राशि को दोगुना कर दिया था, जो अब तक किसी भी राज्य द्वारा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने वालों को इतनी अधिक नगद राशि दी जा रही है।
मंत्री ने बताया कि व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में कुल मिलाकर करीब 240 खिलाड़ियों ने उत्तराखंड के लिए पदक जीते हैं, जिन्हें इस बजट से इनाम राशि दी जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि खिलाड़ियों को उनका हक समय पर मिलेगा और राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।