भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर निशाना साधते हुए कहा कि वे लंबे समय से तुष्टिकरण की राजनीति करते आए हैं और इसी आधार पर जनता के बीच अपना राजनीतिक विश्वास बनाए रखने का प्रयास करते रहे हैं।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि हाल के दिनों में हरीश रावत का गोलू देवता महाराज सहित विभिन्न मंदिरों में जाना कोई नई बात नहीं है। इसी प्रकार उनका मजारों में जाना भी पहले से सार्वजनिक रहा है। उन्होंने कहा कि अब यदि हरीश रावत यह कह रहे हैं कि वे मजारों में नहीं जाएंगे, तो यह उनका व्यक्तिगत निर्णय है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पहले से ही यह मानती रही है कि देवभूमि उत्तराखंड में प्रत्येक राजनेता को यहां की देव परंपरा, सांस्कृतिक मूल्यों और धार्मिक स्वरूप का सम्मान करना चाहिए। उत्तराखंड की पहचान उसकी सांस्कृतिक विरासत और सनातन परंपराओं से जुड़ी हुई है।










