



उत्तराखंड में फिर कैबिनेट विस्तार की अटकलें तेज, चार पद खाली – दो मंत्रियों की बदली जा सकती है कुर्सी
देहरादून – उत्तराखंड में धामी कैबिनेट के विस्तार को लेकर एक बार फिर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। लंबे समय से कैबिनेट विस्तार प्रस्तावित है, लेकिन हर बार अटकलें लगने के बाद मामला ठंडा पड़ जाता है। अब एक बार फिर चार खाली मंत्री पदों को भरने और दो मंत्रियों को बदले जाने की संभावना जताई जा रही है।
कैबिनेट में रिक्त पदों की स्थिति:
पूर्व कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास के निधन के बाद चार मंत्री पद खाली हैं। सत्ता के गलियारों में चर्चा है कि एक कैबिनेट मंत्री का परफॉर्मेंस संतोषजनक नहीं है, जिसे बदला जा सकता है। मौजूदा परिस्थितियों में एक और मंत्री को हटाने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दिए संकेत:
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी कैबिनेट विस्तार के संकेत दिए हैं। क्षेत्रवाद की राजनीति को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार कभी भी संभव है, लेकिन इसका अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मौजूदा हालात की रिपोर्ट दिल्ली भेज दी गई है, और अब बस केंद्र से हरी झंडी मिलने का इंतजार है।
सूत्रों का मानना है कि धामी के हालिया दिल्ली दौरे को भी कैबिनेट विस्तार की संभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। साथ ही, मंत्रियों के विभागों में फेरबदल की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। अब देखना होगा कि इस बार भी अटकलें ठंडी पड़ती हैं या फिर प्रदेश को जल्द ही नया मंत्रिमंडल स्वरूप देखने को मिलेगा।