देहरादून में कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली, सचिन पायलट ने भाजपा पर बोला जोरदार हमला

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं


उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आज कांग्रेस पार्टी ने रेंजर्स कॉलेज ग्राउंड में विशाल संविधान बचाओ रैली का आयोजन कर आगामी 2027 विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया। इस रैली में पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट, हरीश रावत, यशपाल आर्य, करन माहरा सहित प्रदेशभर से आए हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

रैली में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार पर संविधान से छेड़छाड़, लोकतंत्र को कमजोर करने और केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया।

सचिन पायलट ने कहा कि भाजपा की विचारधारा संविधान के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि सरकार केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है, और गांधी परिवार जैसे देश के प्रति समर्पित लोगों को झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने उत्तराखंड सरकार पर भी गंभीर आरोप लगाए—खनन घोटाले, महिलाओं पर अत्याचार और भ्रष्टाचार पर सरकार की चुप्पी को लेकर पायलट ने कहा कि 2027 में जनता भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेगी।

यशपाल आर्य ने भाजपा सरकार पर संविधानिक संस्थाओं को कमजोर करने और हाशिये के वर्गों—दलितों, आदिवासियों, किसानों व महिलाओं—के अधिकारों पर हमला करने का आरोप लगाया।

करन माहरा ने कहा कि संविधानिक संस्थानों में सीधा हस्तक्षेप, ईडी-सीबीआई का राजनीतिक दुरुपयोग और राज्य में बढ़ते भ्रष्टाचार व महिला अपराध, सरकार की विफलता को दर्शाता है।

हरीश रावत ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि “मोदी सरकार संविधान बदलकर बाबा साहब अंबेडकर की जगह अपनी तस्वीर लगाना चाहती है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अगले छह महीनों में गांव-गांव जाकर कांग्रेस का झंडा फहराएं।

रैली के दौरान कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की गई और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई गई।

Leave a Comment

  • Digital Griot