उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होती जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के हालिया ब्राह्मण प्रेम पर भाजपा विधायक विनोद चमोली ने तीखा प्रहार किया है।
दरअसल, हरीश रावत ने हाल ही में कहा था कि “सनातन धर्म, ब्राह्मण और कांग्रेस — तीनों का स्वभाव समन्वयवादी और उदार है। जब से ब्राह्मण कांग्रेस से अलग हुए हैं, असहिष्णुता बढ़ी है और कांग्रेस कमजोर हुई है।”
इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक विनोद चमोली ने कहा कि हरीश रावत ने हमेशा ब्राह्मणों के साथ अन्याय किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड के पहले ब्राह्मण मुख्यमंत्री एन.डी. तिवारी को अपने कार्यकाल में विवेकाधीन कोष और लाल बत्तियों का सहारा लेना पड़ा, और इसके पीछे हरीश रावत की राजनीति थी।
चमोली ने आगे कहा कि विजय बहुगुणा, जो प्रदेश के दूसरे ब्राह्मण मुख्यमंत्री थे, उन्हें भी हरीश रावत ने इतना परेशान किया कि उन्हें कांग्रेस छोड़नी पड़ी। उन्होंने कहा — “हरीश रावत के कारण ही ब्राह्मणों का कांग्रेस से मोहभंग हुआ है।”










