देहरादून में शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती के अवसर पर घंटाघर स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने ‘एकता पदयात्रा (Walkathon)’ का शुभारंभ किया और स्वयं भी पदयात्रा में शामिल हुए।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लोगों को स्वदेशी अपनाने और नशामुक्त उत्तराखंड बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के अदम्य साहस, दूरदर्शिता और राष्ट्रनिष्ठा के कारण आज भारत एक सशक्त और एकीकृत राष्ट्र के रूप में खड़ा है।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर 2014 से हर वर्ष सरदार पटेल जयंती को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है, जो उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
उन्होंने आगे कहा कि राज्यभर में 16 नवंबर तक प्रत्येक जिले के तीन स्थानों पर वॉकथॉन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। हर आयोजन स्थल पर 8 से 10 किलोमीटर की पदयात्रा के साथ नशा मुक्त भारत, एक पेड़ मां के नाम और आत्मनिर्भर भारत जैसे जन-जागरूकता अभियानों को भी जोड़ा गया है, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित किया जा सके।










