अक्षय तृतीया पर खुले गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट, मुख्यमंत्री धामी ने की प्रधानमंत्री मोदी के नाम से पहली पूजा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं


अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर कल विधिवत रूप से उत्तराखण्ड की चारधाम यात्रा 2025 का शुभारंभ हो गया। इस शुभ घड़ी पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री और यमुनोत्री धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नाम से दोनों धामों में पहली पूजा संपन्न की। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी यमुनोत्री धाम के कपाटोद्घाटन में भाग लेने वाले पहले मुख्यमंत्री भी बन गए।

गंगोत्री धाम में सुबह 10:30 बजे और यमुनोत्री धाम में 11:55 बजे वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। डोलियों के पवित्र आगमन और मंदिरों के कपाट खुलते ही पूरे धाम क्षेत्र में भक्ति की लहर दौड़ गई। इस शुभ अवसर पर वायु सेना द्वारा दोनों धामों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड के चारधाम देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि इस बार की चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित, क्लीन और ग्रीन बनाने के लिए राज्य सरकार ने व्यापक तैयारियाँ की हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु स्वास्थ्य सेवाएं, पुलिस बल, ट्रैफिक प्रबंधन और मूलभूत ढांचे को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से “ग्रीन और क्लीन चारधाम यात्रा” के लिए सहयोग की अपील करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड आने वाला हर अतिथि हमारे लिए देवतुल्य है, और उन्हें दिव्य अनुभव के साथ लौटाना हमारा संकल्प है।

मुख्य अतिथि उपस्थिति में:
गंगोत्री धाम में विधायक सुरेश चौहान, मंदिर समिति अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, और पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल उपस्थित रहे।
वहीं यमुनोत्री धाम में मुख्य विकास अधिकारी एस.एल. सेमवाल, उप जिलाधिकारी बृजेश तिवारी, मंदिर समिति पदाधिकारी और अन्य गणमान्य जन शामिल हुए।

Leave a Comment

  • Digital Griot