



जिला योजना समिति की बैठक में चंपावत जनपद के लिए वित्तीय वर्ष 2025–26 की ₹68.57 करोड़ की वार्षिक जिला योजना को स्वीकृति दे दी गई है। बैठक की अध्यक्षता उत्तराखंड सरकार की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री और जनपद प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने की। यह बजट गत वर्ष की तुलना में ₹10.22 करोड़ अधिक है, जो करीब 17% की वृद्धि को दर्शाता है।
बैठक में कुल 33 विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई, जिसमें कृषि, पशुपालन, सिंचाई, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, पेयजल, बाल विकास और लोनिवि जैसे प्रमुख विभाग शामिल रहे। रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए और सभी अधूरे कार्यों को दो वर्षों के भीतर पूर्ण करने का प्रयास किया जाए।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि इस बार की योजना स्वरोजगार, अधूरे निर्माण कार्यों की पूर्णता और पूंजीगत विकास कार्यों को प्राथमिकता देती है। उन्होंने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में विद्युत सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
वित्तीय स्वीकृति का विवरण इस प्रकार है:
सामान्य मद: ₹47.70 करोड़
विशेष घटक उपयोजना (SCSP): ₹20.42 करोड़
जनजातीय उपयोजना (TSP): ₹44.30 लाख
विभागवार अनुमोदित बजट:
लोक निर्माण विभाग: ₹14.16 करोड़
जल संस्थान: ₹6.33 करोड़
युवा कल्याण: ₹6 करोड़
पर्यटन: ₹3.10 करोड़
कृषि: ₹2.91 करोड़
सिंचाई (राजकीय व निजी): ₹3.22 करोड़
शिक्षा (प्राथमिक व माध्यमिक): ₹3.30 करोड़
स्वास्थ्य: ₹1.31 करोड़
डेरी विकास, मत्स्य, पशुपालन आदि में भी उल्लेखनीय बजट आवंटन किया गया।
बैठक में विधायक लोहाघाट खुशाल सिंह अधिकारी, राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, जिलाधिकारी नवनीत पांडे, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, सीएमओ डॉ. देवेश चौहान, सीडीओ संजय कुमार सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
रेखा आर्या ने इस योजना को चंपावत को आदर्श जिला बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया और कहा कि यह बजट मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विकास प्राथमिकताओं का प्रमाण है।