शत-प्रतिशत आंगनबाड़ी केंद्रों को दी गई पठन-पाठन एवं खेल सामग्री: कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी
गुरुवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने देहरादून के गजियावाला में मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकासखंड सहसपुर की 15 ग्राम पंचायतों में स्थित 28 आंगनवाड़ी केंद्रों को पठन-पाठन एवं खेल सामग्री वितरित की।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए टिफिन बॉक्स, पानी की बोतल, डार्ट बोर्ड, पज़ल गेम, किचन सेट, डॉक्टर सेट, 3D चार्ट, ब्लैक व व्हाइट रोलर बोर्ड, क्रेजी बॉल, पेन्सिल बॉक्स, पेन्सिल, शार्पनर, रबर, स्केच पेन, दरी, कलरिंग बुक, स्लेट, स्लेटी बॉक्स, वेट मशीन, आयरन बॉक्स, एल्युमिनियम पतीला, करछी स्टील, प्रेशर कुकर आदि सामग्री उपलब्ध कराई गई।
कैबिनेट मंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों को फर्नीचर, अलमारी तथा अन्य आवश्यक सामग्री भी शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी।
अपने संबोधन में श्री जोशी ने नोबेल पुरस्कार विजेता नेल्सन मंडेला के विचार उद्धृत करते हुए कहा — “शिक्षा सबसे शक्तिशाली हथियार है, जिसका उपयोग आप दुनिया को बदलने के लिए कर सकते हैं।” उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज का आधार स्तंभ है और इसके बिना किसी भी देश या समाज का विकास संभव नहीं।
मंत्री ने बताया कि मसूरी विधानसभा के 100 आंगनवाड़ी केंद्रों और 11 मिनी आंगनवाड़ियों में पठन-पाठन एवं खेल सामग्री उपलब्ध कराने की योजना के अंतर्गत अब तक शत-प्रतिशत केंद्रों में यह सामग्री दी जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार बाल विकास एवं महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की प्रथम कड़ी हैं, जहां शिक्षा, संस्कार और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की नींव रखी जाती है।
मंत्री जोशी ने कहा कि इस सामग्री के वितरण से बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ेगी और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को शिक्षण कार्य सुचारू रूप से संचालित करने में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर भाजपा मंडल प्रभारी ज्योति कोटिया, मंडल महामंत्री किरण मन्यूड़ी, सीमा पुंडीर, पूर्व प्रधान लीला शर्मा, ग्राम प्रधान सुनील क्षेत्री, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, पूर्व मंडल अध्यक्ष पूनम नौटियाल, जितेंद्र राणा, समुंद्र रैग्मी, संजय शर्मा, ग्राम प्रधान भारती ज्वाड़ी, सुरेश ज्वाड़ी, पूर्व बीडीसी ज्योति ढकाल सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।










