



देहरादून। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले के विरोध में राजधानी देहरादून में भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा सड़कों पर नजर आया। भाजपा महानगर कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि दी गई।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने इस हमले को मानवता के खिलाफ निंदनीय और अमानवीय बताया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार दोषियों को छोड़ने वाली नहीं है—हर एक कसूरवार को मिलेगा करारा जवाब। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की वीरभूमि के लोग पीड़ितों के साथ खड़े हैं और इस दुख की घड़ी में हर संभव मदद दी जाएगी।
महेंद्र भट्ट ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पहलगाम में निर्दोष नागरिकों की दर्दनाक मौत ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। ईश्वर से प्रार्थना करते हुए उन्होंने दिवंगत आत्माओं को शांति और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
इसके बाद लैंसडौन चौक पर पाकिस्तान विरोधी नारे लगाए गए और पाकिस्तान का पुतला दहन कर कड़ा विरोध दर्ज किया गया।
महेंद्र भट्ट, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष–
“ये हमला सिर्फ एक इलाके पर नहीं, पूरे देश की आत्मा पर हमला है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।”