फर्जी दस्तावेज़ों के आधार पर शहर में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिक और उसकी पत्नी की गिरफ्तारी के बाद दून पुलिस ने अपनी जांच और व्यापक कर दी है। पुलिस ने बांग्लादेश से संपर्क कर दोनों आरोपियों द्वारा 10 अप्रैल 2022 को किए गए निकाहनामे से जुड़े आधिकारिक दस्तावेज भी हासिल कर लिए हैं।
गिरफ्तारी के बाद दोनों से विस्तृत पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ लिया है। जांच में यह सामने आया कि दोनों की मुलाकात फेसबुक के जरिए हुई थी, जिसके बाद आरोपी अवैध तरीके से बांग्लादेश गए और वहीं निकाह किया। इसके बाद दोनों अवैध तरीक़े से भारत लौट आए।
भारत आने के बाद, आरोपियों ने कुछ अन्य व्यक्तियों की मदद से महिला के पूर्व पति के नाम पर भारतीय पहचान दस्तावेज़ तैयार कराए, जिससे वे लंबे समय तक देहरादून में छिपकर रह सके।
दून पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और उन लोगों की भी पहचान की जा रही है जिन्होंने इस प्रक्रिया में मदद की।










