सितारगंज से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां राजकीय महाविद्यालय सिसौना में कॉलेज प्रबंधन से नाराज़ एक छात्रा ने अनोखे तरीके से विरोध जताया। अपनी मांगों को लेकर छात्रा राजविंदर कौर पेट्रोल की बोतल लेकर कॉलेज की बिल्डिंग पर चढ़ गई।
छात्रा के बिल्डिंग पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पर तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। इसके बाद महिला पुलिस कर्मियों ने सावधानीपूर्वक बिल्डिंग पर चढ़कर छात्रा को जबरन पकड़कर नीचे उतारा।
नीचे उतरते समय राजविंदर कौर भावुक हो गई और रोने लगी। बाद में पुलिस ने कॉलेज प्राचार्य रेनू रानी बंसल और छात्रा के बीच वार्ता कराई।
राजविंदर कौर ने आरोप लगाया कि हाई कोर्ट के आदेश के बावजूद कॉलेज प्रशासन अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं करा रहा है और प्रबंधन किसी भी संवाद के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी।










