मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की चार नई हेली सेवाओं की शुरुआत, पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

देहरादून, 11 मार्च – उत्तराखंड में हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को चार नई हेली सेवाओं का शुभारंभ किया। इन सेवाओं के जरिए देहरादून से नैनीताल, बागेश्वर, मसूरी और हल्द्वानी से बागेश्वर का सीधा हवाई संपर्क स्थापित हो गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘उड़ान’ योजना के तहत शुरू की गई इन हेली सेवाओं से राज्य में पर्यटन और आर्थिक विकास को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब देहरादून से नैनीताल, बागेश्वर और मसूरी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक की यात्रा महज एक घंटे में पूरी हो सकेगी, जिससे यात्रियों को समय और सुविधा दोनों मिलेंगे।

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, आपदा प्रबंधन में भी होगी मदद
मुख्यमंत्री ने बताया कि इन हेली सेवाओं से न केवल राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक यात्रियों की आसान पहुंच सुनिश्चित होगी, बल्कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में यह सेवाएं जीवनरक्षक भूमिका भी निभाएंगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में 18 हेलीपोर्ट्स को विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिनमें से 12 पर पहले ही सेवाएं शुरू हो चुकी हैं।

हेली सेवाओं का किराया व समय सारिणी:

देहरादून – नैनीताल: ₹4500 प्रति यात्री (सुबह 8:15 बजे व दोपहर 2:25 बजे)

देहरादून – बागेश्वर: ₹4000 प्रति यात्री (सुबह 10:20 बजे व दोपहर 12:30 बजे)

हल्द्वानी – बागेश्वर: ₹3500 प्रति यात्री (सुबह 8:30 बजे व दोपहर 2:45 बजे)

देहरादून – मसूरी: ₹2578 प्रति यात्री (प्रतिदिन एक उड़ान)


इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हेली सेवा से यात्रा करने वाले यात्रियों से वर्चुअल माध्यम से बातचीत भी की और सरकार के इस कदम को ऐतिहासिक बताया। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment

  • Digital Griot