उत्तराखंड में बीते तीन दिन से मौसम का मिजाज बदला

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

उत्तराखंड में बीते तीन दिन से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पर्वतीय क्षेत्रों में बादलों के डेरे के साथ कई क्षेत्रों में बौछारों का क्रम बना हुआ है। चारों धामों के आसपास के क्षेत्रों में झमाझम वर्षा हुई

उधर, कुमाऊं में भी कई स्थानों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई।

देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में बादलों की आंख-मिचौनी चलती रही। जिससे तापमान भी सामान्य के आसपास बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आज उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। जबकि, मैदानी इलाकों में आंशिक बादल छाने से लेकर मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।

रविवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में सुबह से ही बादल मंडराते रहे। दून में दिनभर बादलों की आंख-मिचौनी चली, हालांकि, वर्षा नहीं हुई और उमस महसूस की गई। मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में दोपहर बाद हल्की बौछारें पड़ीं। पहाड़ों में झमाझम वर्षा हुई। चारधाम यात्रा मार्गों पर जगह-जगह तीव्र बौछारें पड़ीं, जबकि कई स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई।

ऊखीमठ, अगस्त्यमुनि, नैनबाग, टिहरी आदि क्षेत्रों में झमाझम वर्षा हुई। उधर, डीडीहाट व पिथौरागढ़ में भारी वर्षा हुई। मौसम के बदले मिजाज से पर्वतीय क्षेत्रों के पारे में गिरावट दर्ज की गई। सुबह-शाम कई जगह ठंड महसूस की जा रही है। हालांकि, मैदानी क्षेत्रों में उमस बरकरार है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज से मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं बादल छाने के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

Leave a Comment

  • Digital Griot